छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

बच्चों के साथ जमीन पर बैठे जनप्रतिनिधि, परोसी खीर-पूरी

सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर के स्कूलों में ‘न्योता भोज’

रायगढ़, 17 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर के स्कूलों में ‘न्योता भोज’

सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर के स्कूलों में ‘न्योता भोज’

सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के स्कूलों में आयोजित ‘न्योता भोज’ ने बच्चों के साथ सामुदायिक सहभागिता की खूबसूरत तस्वीर पेश की। स्कूलों में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य पहुंचे और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस दौरान बच्चों को मध्यान्ह भोजन के साथ खीर, पूरी, हलवा, फल और पौष्टिक मिष्ठान परोसे गए।

न्योता भोज के आयोजन में बच्चों के साथ भोजन करना सिर्फ एक सामूहिक भोज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनसे आत्मीय संवाद भी किया। बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष भोजन और मिठाई मिलने से बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और उनके लिए यह दिन यादगार बन गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार पुसौर विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ अशासकीय विद्यालयों में भी बच्चों को फल और मिठाई वितरित की गई। इस पहल से वे विद्यालय भी ‘न्योता भोज’ की सामुदायिक भावना से जुड़े, जहां नियमित मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था नहीं होती है।

भोजन से पहले स्वच्छता और संस्कार का संदेश

न्योता भोज से पहले बच्चों को हाथ धोने और स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को भोजन का सम्मान करने और उसे साझा करने की भावना के महत्व से भी अवगत कराया। बच्चों को बताया गया कि भोजन केवल भूख मिटाने का माध्यम नहीं, बल्कि दूसरों के साथ बांटने और उसके प्रति सम्मान की भावना भी हमारे संस्कारों का हिस्सा है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक और शाला प्रबंधन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। ‘न्योता भोज’ के माध्यम से स्कूलों में बच्चों, समुदाय और जनप्रतिनिधियों के बीच अपनत्व और सहभागिता का वातावरण बना।

Related Articles

Back to top button