जशपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ
ग्राम पंचायतों में स्वच्छता श्रमदान के साथ अभियान की हुई शुरुआत

रायपुर, 17 सितंबर 2026

जशपुर जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ व्यापक जनभागीदारी के साथ हुआ। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान के प्रथम दिवस जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ‘आशीर्वाद कंडिया’ आयोजन से पूर्व स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्वच्छाग्रहियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और मार्गों की साफ-सफाई की गई। सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश दिया गया।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश
स्वच्छता श्रमदान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के साथ ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि सामुदायिक भागीदारी से घर, ग्राम और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में स्थायी बदलाव लाया जा सकता है।



