छत्तीसगढ

डोंगरगढ़ में रोप-वे का तार टूटा और केबिन गिरा… पूर्व गृहमंत्री समेत भाजपा नेता व मंदिर समिति के अध्यक्ष घायल… अस्पताल पहुंचाए गए, हालत खतरे से बाहर

डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन कर नीचे आ रहे रोप-वे का केबल टूटा और लैंडिंग की जगह पर केबिन टूटकर गिर पड़ा। हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ है। इस हादसे में पूर्व गृहमंत्री तथा वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, भिलाई के दया सिंह और मां बम्लेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष समेत छह लोग घायल हो गए हैं। सभी को टूटे हुए केबिन से निकालकर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल सबकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बताया जा रहा है कि रोप-वे का केबल टूटने के बाद केबिन वहीं गिरा, जहां इसे लैंड होना था, इसलिए बड़ा हादसा नहीं हुआ।

अब तक जो जानकारी आई है, उसके मुताबिक पूर्व गृहमंत्री पैकरा को हाथ-पांव में चोटें आई हैं। भाजपा महामंत्री वर्मा के हाथ की हड्डी टूटने की आशंका है। दया सिंह समेत बाकी भी घायल हुए हैं। सभी को राजनांदगांव अस्पताल ले जाया जा रहा है। हादसे से डोंगरगढ़ में खलबली मच गई है। मिली जानकारी के मुताबिक सभी लोग रोप-वे से पहाड़ के ऊपर मंदिर पहुंचे और दर्शन करने के बाद उसी से लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ है। रोप-वे ज्यादा ऊंचाई से गिरने के बजाय केबल टूटने के कारण लैंडिंग स्टेशन पर तेजी से पहुंचा और धंस गया। रोप-वे का केबल टूटने की वजह पता नहीं चली है। पुलिस ने सभी घायलों को रेस्क्यू कर लिया है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button