सेवा सेतु से घर बैठे मिल रहीं शासकीय सेवाएं, कार्यालयों की दौड़भाग और अनावश्यक खर्च से नागरिकों को राहत
डिजिटल प्रक्रिया से आवेदन और अनुमोदन हुआ आसान, सूरजपुर के श्री भरत कुमार को एक ही दिन में मिला आय प्रमाण पत्र

रायपुर, 18 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन की सुशासन और डिजिटल गवर्नेंस की पहल ‘सेवा सेतु जनता के द्वार, डिजिटल सरकार’ शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सहजता से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। पोर्टल के जरिए आय, निवास और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलने से लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इससे खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के समय और धन की बचत हो रही है।
सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम बरपारा निवासी श्री भरत कुमार को आवश्यक कार्य के लिए आय प्रमाण पत्र की जरूरत थी। उन्होंने 3 नवंबर 2026 को सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया। उनके आवेदन का अनुमोदन उसी दिन हो गया। डिजिटल प्रक्रिया से उन्हें कम समय में आवश्यक शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा हुई।
’डिजिटल व्यवस्था से समय और खर्च की बचत’
पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों को संबंधित कार्यालयों तक जाना पड़ता था। इसमें समय और यात्रा पर खर्च होता था। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेष सुविधा मिल रही है।
’सरल और समयबद्ध सेवाओं की दिशा में पहल’
सेवा सेतु केवल ऑनलाइन आवेदन का माध्यम नहीं, बल्कि शासकीय सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की पहल है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। इस व्यवस्था से नागरिकों को सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने और सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।




