सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा की कहानी : गांव तक पहुंची बस तो आसान हुआ सफर, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से ग्रामीणों के जीवन में आया बदलाव
महंगे ऑटो और साधन के इंतजार से मिली राहत, कम किराए में मिल रही सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा

रायपुर, 05 अक्टूबर 2026
जिन गांवों में आवागमन के लिए लोगों को ऑटो या अन्य साधनों का इंतजार करना पड़ता था, वहां मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने सफर को आसान बनाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सेवा पहुंचने से विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों को कम किराए में सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिल रहा है।
जशपुर विकासखंड के ग्राम बरटोली भगलपुर निवासी श्री अमित प्रजापति भी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से आए इस बदलाव को महसूस कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत संचालित बस में सफर करने वाले श्री प्रजापति बताते हैं कि जशपुर से गजमा तक बस सेवा संचालित हो रही है। यह बस जशपुर से मनोरा, लुखी, मधवा, बेंजोरा और हाड़ीकोना होते हुए गजमा पहुंचती है, जिससे इस मार्ग के गांव सीधे बस सेवा से जुड़ गए हैं।
पहले ऑटो का इंतजार और अधिक किराया, अब गांव से मिल रही बस
श्री अमित प्रजापति बताते हैं कि पहले गांव से आने-जाने के लिए मुख्य रूप से ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता था। ऑटो का किराया अधिक होने के साथ समय पर साधन मिलना भी हमेशा संभव नहीं होता था। इसके कारण विद्यार्थियों, मजदूरों और अन्य ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में परेशानी होती थी।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने के बाद अब गांव तक बस पहुंच रही है। इससे ग्रामीणों को कम किराए में समय पर और सुविधाजनक यात्रा का साधन मिला है। नियमित बस सुविधा ने न केवल यात्रा को आसान बनाया है, बल्कि लोगों के समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत में भी मदद की है।
पढ़ाई, रोजगार और जरूरी सेवाओं तक पहुंच हुई आसान
बस सेवा का लाभ अलग-अलग जरूरतों के लिए यात्रा करने वाले ग्रामीणों को मिल रहा है। विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए आवागमन आसान हुआ है। वहीं मजदूरों एवं अन्य ग्रामीणों को रोजगार, बाजार, शासकीय कार्य और दूसरी आवश्यक सेवाओं के लिए शहर एवं विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
गांवों को बस सेवा से जोड़ने से ग्रामीणों की आवाजाही बेहतर होने के साथ शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुंच भी सुगम हो रही है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों और नगरीय एवं विकासखंड मुख्यालयों के बीच संपर्क मजबूत हो रहा है।
“गांव तक बस आने से समय और किराए दोनों की हो रही बचत”
श्री अमित प्रजापति ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने ग्रामीणों का सफर आसान कर दिया है। गांव तक बस पहुंचने से समय और किराए की बचत हो रही है तथा पढ़ाई, रोजगार और जरूरी कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिली है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से गांवों तक सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की यात्रा आसान हो रही है। जशपुर से गजमा मार्ग पर चल रही बस सेवा इसी बदलाव की तस्वीर है, जहां गांवों तक पहुंचती बस लोगों को केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक नहीं पहुंचा रही, बल्कि शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं से जुड़ने की राह भी आसान कर रही है।

