वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सिंदूर पार्क में भारत विभाजन विभीषिका की छायाचित्र प्रदर्शनी का किया अवलोकन
विभाजन की पीड़ा को स्मरण कर शहीदों एवं दिवंगतजनों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश

रायपुर, 14 अगस्त 2026



भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में भारत विभाजन की घटनाओं और उससे जुड़ी मानवीय त्रासदी को प्रदर्शित करती छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्वलित कर विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाने वाले सभी दिवंगतजनों की पावन स्मृति को नमन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदर्शनी में भारत विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों, विस्थापन, संघर्ष, पलायन तथा लाखों परिवारों की पीड़ा और वेदना को छायाचित्रों एवं ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को इतिहास के उस दौर की भयावह परिस्थितियों और मानवीय संघर्ष से परिचित कराया गया। नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों एवं उस समय लोगों द्वारा झेली गई कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत विभाजन देश के इतिहास की सबसे पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने अपने परिवार, घर-बार और आजीविका खोई तथा असंख्य निर्दाेष लोगों ने अपने प्राण गंवाए। भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस उन सभी पीड़ितों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य केवल अतीत की पीड़ा को स्मरण करना नहीं, बल्कि उससे सीख लेते हुए सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करना भी है। नई पीढ़ी को विभाजन की घटनाओं और उसके दुष्परिणामों से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्र की एकता एवं अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सौहार्द की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहें।
सिंदूर पार्क में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी ने लोगों को इतिहास के उस दौर की पीड़ा और मानवीय संघर्ष से रूबरू कराया तथा राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव का प्रभावी संदेश दिया।
इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



