प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से सशक्त हो रही खेती, किसान जगनथिया कश्यप को मिला आर्थिक संबल
सहायता राशि से समय पर खाद-बीज की व्यवस्था, खेती की लागत हुई कम

रायपुर, 10 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए खेती-किसानी को नई मजबूती प्रदान कर रही है। योजना के तहत प्रतिवर्ष मिलने वाली 6 हजार रुपये की सहायता राशि से किसान समय पर कृषि आदानों की व्यवस्था कर बेहतर उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पेंड्री निवासी किसान श्री जगनथिया कश्यप भी इस योजना से लाभान्वित किसानों में शामिल हैं। लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले श्री कश्यप को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष तीन समान किस्तों में कुल 6 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होती है।
श्री जगनथिया कश्यप ने बताया कि योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि का उपयोग वे खाद, उन्नत किस्म के बीज तथा अन्य आवश्यक कृषि आदानों की खरीदी में करते हैं। समय पर आर्थिक सहायता मिलने से खेती की लागत का दबाव कम होता है और कृषि कार्य निर्धारित समय पर पूरे करने में सुविधा मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे एवं मध्यम किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इससे खेती की आवश्यकताओं की पूर्ति समय पर हो जाती है, जिससे उत्पादन बढ़ाने और आय में सुधार का अवसर मिलता है।
श्री जगनथिया कश्यप ने किसानों के हित में संचालित इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को अधिक सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



