प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने किया उद्घाटन, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

सूरजपुर/17 जून 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ आज सूरजपुर के ओल्ड बस स्टैंड में किया गया। 17 से 19 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने किया। प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश एवं राज्य की उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इस अवधि में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का अवलोकन करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश की विकास यात्रा को समझने और शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम श्री विद्यालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से दी गई है। इसके साथ ही आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल भारत अभियान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हासिल प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शित तस्वीरों और जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान सत्यनारायण सिंह, रामकृपाल साहू, थालेश्वर साहू, अजय अग्रवाल(अज्जू), शशि तिवारी, कपिल पाण्डेय, शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, स्वाति संत सिंह, शैलेष अग्रवाल, संध्या सिंह, श्रीमती देवांती राजवाड़े, विजयनारायण राजवाड़े, अरविन्द मिश्रा, राजेश्वर तिवारी, मुकेश गर्ग, संस्कार अग्रवाल, विजय राजवाड़े, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, लीलू गुप्ता, भगवान मिश्रा, नीरज जिंदिया, मीना सिंह, सरोज साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।




