सुशासन तिहार 2026 : फगुरम में आयोजित हुआ भव्य समाधान शिविर में 411 में से 287 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण
19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने लिया भाग, हितग्राहियों को मिला विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ

रायपुर, 24 मई 2026


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 के तहत सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फगुरम में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस क्लस्टर फगुरम शिविर में फगुरम, लिमगांव, चरौदा, अण्डी, किरारी, बड़ेमुड़पार, सारसकेला, बोड़ासागर, कुधरी, सपिया सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। इस शिविर में 411 में से 287 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

मौके पर ही सुलझीं समस्याएं, शेष आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा
शिविर में ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित कुल 411 आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। प्रशासन की संवेदनशीलता के चलते इनमें से 287 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया। शेष बचे 124 आवेदनों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।
गाँव-गाँव तक पहुँच रहा सुशासन- जनपद अध्यक्ष
इस अवसर पर जनपद पंचायत मालखरौदा के अध्यक्ष श्री कविशरण वर्मा ने समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्सुशासन तिहारश् के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गाँव-गाँव तक पहुंचाया जा रहा है। ये शिविर आम जनता के लिए बेहद प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं, जहां लोगों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को निसंकोच प्रशासन के समक्ष रखें और योजनाओं का लाभ उठाएं।
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर दी गई राहत
शिविर में लगे विभिन्न शासकीय स्टॉलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं। खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग ने राशन कार्डों का वितरण और आयुष्मान कार्ड जारी किए। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन स्वीकृत करने के साथ ही दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं श्रवण यंत्र बांटे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र और प्रतीकात्मक चाबियां हितग्राहियों को सौंपी । कृषि विभाग द्वारा नील-हरित काई, मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल और शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों को गणवेश वितरित किए गए। आयुर्वेद और स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों द्वारा बड़ी संख्या में आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां दी गईं।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जनपद पंचायत मालखरौदा के उपाध्यक्ष श्री रितेश साहू, एसडीएम श्री रूपेंद्र पटेल, जनपद सीईओ श्री तेजेश्वर प्रसाद यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।



