सुशासन तिहार बना किसानों के लिए राहत का माध्यम, रामनाथ पंडो को शिविर में ही मिला किसान क्रेडिट कार्ड
केसीसी मिलने से खेती-किसानी हुई आसान, खाद-बीज और ऋण की सुविधा अब होगी सहज उपलब्ध

रायपुर, 18 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार प्रदेशभर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए शासन की योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच रहा है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बड़ा दमाली में आयोजित शिविर में किसान श्री रामनाथ पंडो की वर्षों पुरानी समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
ग्राम बड़ा दमाली निवासी रामनाथ पंडो लंबे समय से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) नहीं बनने के कारण परेशान थे। खेती के मौसम में खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था उनके लिए चुनौती बनी रहती थी। निजी दुकानों और उधारी पर निर्भरता के कारण खेती की लागत भी बढ़ जाती थी।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उनका किसान क्रेडिट कार्ड तैयार कर उन्हें सौंप दिया। किसान क्रेडिट कार्ड प्राप्त होने पर रामनाथ पंडो ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें खाद-बीज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। सहकारी समिति से आवश्यक कृषि सामग्री उचित दर पर मिल सकेगी और जरूरत पड़ने पर ऋण की सुविधा भी आसानी से उपलब्ध होगी। इससे खेती-किसानी अधिक सुगम और लाभकारी बनेगी।
रामनाथ पंडो ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी क्रम में प्रदेशभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण किया जा रहा है।




