छत्तीसगढ़ – मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान कैदी की हुई मौत,परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप…पढ़े पूरी खबर…
जशपुर। आबकारी एक्ट के तहत जशपुर जेल में एक कैदी की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में संदेहास्पद मौत हो गई। परिजनों ने जेल में युवक से बेरहमी से मारपीट का आरोप लगाया है। युवक की मौत के बाद ग्राम सन्ना में आक्रोशित ग्रामवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर हंगामा मचाया। मृत बंदी के शरीर मे चोट के निशान मिले हैं। उसे दो दिनों पूर्व मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया था।
जेल प्रशासन के अनुसार 5 अप्रैल को बंदी जगतपाल राम को जशपुर से अंबिकापुर मेडिकल कालेज शिफ्ट किया गया था। उसके घायल होने के कारण उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। रविवार को उसकी मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी फूलमती ने आरोप लगाया है कि जेल में उसके पति के साथ मारपीट की गई है, उसके दोनों घुटनों में व शरीर में चोट के निशान हैं। उसके पति को कोई बीमारी नहीं थी, फिर अस्पताल में क्या इलाज चल रहा था। पति के बीमारी की सूचना उन्हें जेल प्रबंधन ने नहीं दी। आज सुबह मौत की खबर दी गई। जगतपाल के परिजनों ने सन्ना बस स्टैंड में एकजुट होकर सड़क पर जाम लगा कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
नाराज ग्रामीणों का आरोप है कि जगतपाल की मृत्यु जेल में उसके साथ हुई मारपीट की वजह से हुई है। मौके पर पहुंचे पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद जाम समाप्त किया गया। मामले में जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मृतक ने जेल के अंदर स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ कर छलांग लगा दी थी। इसमें उसे गंभीर चोट आई थी। जिला चिकित्सालय के बाद इलाज के लिए अंबिकापुर भेजा गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जाएगी।