सेवा की कहानी : प्रधानमंत्री मातृत्व योजना की सहायता से अहिल्या के बच्चे का हुआ उपचार, महतारी वंदन से घर-परिवार को मिल रहा सहारा

रायपुर, 30 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की कहानियां सामने आ रही हैं। कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत लंजोड़ा के आश्रित ग्राम सल्फीपदर निवासी श्रीमती अहिल्या नेताम के लिए भी शासन की योजनाएं मुश्किल समय में सहारा बनीं।
श्रीमती अहिल्या नेताम को प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के अंतर्गत 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। परिवार के लिए यह सहायता ऐसे समय में मिली, जब उनके बच्चे के ऑपरेशन की जरूरत थी। श्रीमती नेताम ने बताया कि योजना से मिली राशि का उपयोग उन्होंने अपने बच्चे के ऑपरेशन में किया। उनके लिए यह आर्थिक मदद केवल एक राशि नहीं, बल्कि उस कठिन समय में बड़ी राहत थी।
वहीं , उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रत्येक माह 1 हजार रुपये की सहायता राशि भी मिल रही है। वह बताती हैं कि इस राशि का उपयोग परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है। कभी बच्चों के लिए जरूरी सामान, कभी घर के लिए सब्जी और अन्य छोटे-मोटे खर्च, तो कभी महिलाओं के साज-श्रृंगार और घरेलू जरूरतों में यह राशि काम आती है।
अहिल्या कहती हैं कि घर चलाने में छोटी-छोटी जरूरतों का भी अपना महत्व होता है। ऐसे में हर महीने मिलने वाली सहायता राशि परिवार के खर्चों को संभालने में मदद करती है।शासन की योजनाओं से मिली इस सहायता के लिए अहिल्या नेताम ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा- “मुश्किल समय में बच्चे के इलाज के लिए मिली सहायता हमारे बहुत काम आई। हर महीने मिलने वाली राशि से भी घर के छोटे-मोटे खर्च पूरे हो जाते हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार को इसके लिए बहुत-बहुत आभार और साधुवाद।”

