एमसीबी/13 नवंबर 2026/ मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों एवं मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड भरतपुर (जनकपुर) अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा जमथान स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपचार व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं संस्थागत प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया जाता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान ने इन निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गुणवत्ता प्रमाणित की है। इस उपलब्धि से जमथान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। साथ ही ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। जिले की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को भी NQAS प्रमाणित कराने का लक्ष्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर NQAS प्रमाणित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को मिला प्रमाणन इसी दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है। इससे जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी अपनी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने की प्रेरणा मिलेगी। टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन से मिली सफलता जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और नियमित गुणवत्ता सुधार गतिविधियों के कारण केंद्र ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस उपलब्धि में जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सहायक नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग ने इस सफलता को जिले में गुणवत्तापूर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कांकेर जिले के नरहरपुर ब्लॉक में 13 गांवों के परिवारों को मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं, 22 पक्के आवास पूर्ण

रायपुर, 13 नवंबर 2026

केंद्र एवं राज्य शासन की उच्च प्राथमिकता वाली पीएम जनमन योजना (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) से कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखण्ड के विशेष पिछड़ी कमार जनजाति परिवारों के जीवन में बदलाव की नई तस्वीर उभर रही है। कभी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में खानाबदोश सा जीवन यापन करने वाले इन परिवारों तक अब पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर कमार जनजाति के परिवार विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं तथा बेहतर और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम मावलीपारा, बिहावापारा, मारवाड़ी, धनोरा, सांईमुण्डा, मुसुरपुट्टा, दुधावा, बासनवाही, गंवरसिल्ली, भैंसमुण्डी, दलदली, बादल और डोमपदर सहित 13 ग्रामों में कमार जनजाति के 79 परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल जनसंख्या 304 है। पहले इन परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से बांस शिल्प और मजदूरी पर निर्भर थी। सीमित संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के बीच जीवनयापन करने वाले इन परिवारों को अब पीएम जनमन मिशन के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पक्के आवास से साकार हो रहा सुरक्षित घर का सपना
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब तक 22 पक्के आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इससे कमार जनजातीय परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हुआ है। योजना से लाभान्वित होने वालों में ग्राम भैंसमुण्डी के इतवारूराम शोरी, मुसुरपुट्टा के पनकूराम मरकाम, सरजूराम मरकाम, प्रभुराम मरकाम, राजमन, राधुराम एवं सगराम शोरी, डोमपदर के मुकेश कुमार नेताम, दलदली की कमलाबाई कमार, भीमाडीह की सोनईबाई शोरी, मावलीपारा की देवलीबाई नेताम, मोतीलाल नेताम, लखनराम नेताम एवं अंजोरसिंह मरकाम, सांईमुण्डा के नवलसिंह शोरी, दुकाल नेताम एवं झनकीन नेताम, भीमाडीह के काशीराम मरकाम, सुकमन मरकाम एवं प्रेमबाई शोरी तथा बादल के देवेन सिंह कुंजाम एवं रेवती बाई शामिल हैं।
सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सुविधाओं का विस्तार
कमार जनजातीय बाहुल्य इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। वहीं, सड़क निर्माण से गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत हुई है। दलदली से कमारपारा दलदली, भीमापारा से बासनवाही के बाजारपारा, मावलीपारा के आवासपारा से कमारपारा तथा गंवरसिल्ली से खासपारा तक सड़क निर्माण कराया गया है। सभी ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं को आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। वन धन केंद्र सरोना एवं नरहरपुर से सभी 13 बसाहटें नजदीक हैं, जिससे जनजातीय परिवारों को वन आधारित आजीविका गतिविधियों से जुड़ने की सुविधा मिल रही है। सभी गांवों का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा मोबाइल टॉवर नेटवर्क की उपलब्धता से ये बसाहटें संचार सुविधा से भी जुड़ गई हैं। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
शासकीय योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 09 केंद्रीय मंत्रालयों के समन्वय से 11 प्रमुख गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पात्र परिवारों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कमार जनजाति के सदस्यों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जनधन बैंक खाते, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड एवं जाति प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा गया है। कमार जनजातीय परिवारों के 28 युवाओं को सरकारी नौकरी भी प्रदान की गई है।
पीएम जनमन योजना के माध्यम से कमार जनजातीय परिवारों को आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की इन योजनाओं से अब दूरस्थ बसाहटों तक विकास की सुविधाएं पहुंच रही हैं। इससे विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के साथ उनके लिए आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की नई संभावनाएं भी बन रही हैं।
- श्री ताराशंकर सिन्हा, सहायक संचालक , जनसंपर्क
- श्री कमलेश साहू, सहायक संचालक, जनसंपर्क


