सेवा की कहानी : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से रजनी को मिला संबल, नवजात के पोषण हेतु मिली आर्थिक सहायता

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026
शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक आधार बनकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके स्वास्थ्य और नवजात शिशु के पोषण में सहयोग दिया जा रहा है।
जिला मुख्यालय कोण्डागांव के तहसीलपारा वार्ड की निवासी श्रीमती रजनी ठाकुर को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। प्रसव के बाद जब उन्हें बच्चे की फीडिंग के लिए पर्याप्त दूध नहीं आ रहा था, तब नवजात शिशु के पोषण की चिंता उनके सामने एक बड़ी चुनौती बन गई थी। ऐेेसे कठिन समय में योजना के तहत प्राप्त राशि उनके लिए मददगार साबित हुई। इस राशि से उन्हें बच्चे के पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिली।
श्रीमती रजनी ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद उसके समुचित पोषण की व्यवस्था करना उनके लिए महत्वपूर्ण था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत मिली आर्थिक सहायता से उन्हें काफी राहत मिली। इस सहयोग ने बच्चे के पोषण की जरूरतों को पूरा करने में मदद की और कठिन समय में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया। उन्होंने इस कल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरत के समय मिली यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हुई।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार लाना तथा मातृत्व के दौरान परिवार को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। योजना से मिलने वाली सहायता जरूरतमंद महिलाओं को संबल प्रदान करने के साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


