मुश्किलों के बीच सालिक राम ने देखा पक्के घर का सपना, अब हुआ अपना
प्रधानमंत्री आवास योजना से सालिक राम के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, बारिश और बार-बार मरम्मत की चिंता से मिली राहत

रायपुर, 05 अक्टूबर 2026
कभी बारिश की आहट के साथ ही श्री सालिक राम के परिवार की चिंता बढ़ जाती थी। छत से टपकता पानी, घर के भीतर नमी और सामान को भीगने से बचाने की जद्दोजहद हर बरसात की कहानी थी। सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बार-बार घर की मरम्मत कराना भी आसान नहीं था। आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का घर उनके परिवार के लिए वर्षों की परेशानियों से राहत और सुरक्षित भविष्य का आधार बना है।
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कौड़ू टोला निवासी श्री सालिक राम अपने तीन सदस्यीय परिवार के साथ रहते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता थी। ऐसे में स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए लंबे समय तक एक सपना ही बना रहा।
*बारिश आते ही बढ़ जाती थी परिवार की चिंता*
कच्चे घर में रहने के कारण मौसम बदलते ही परिवार की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। बारिश में छत से पानी टपकता था और घर में नमी फैल जाती थी। सामान को पानी से बचाने की चिंता अलग रहती थी। तेज बारिश और खराब मौसम में परिवार को घर की सुरक्षा की चिंता सताती थी। समय-समय पर मरम्मत कराने में होने वाला खर्च भी परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता था। सालिक राम की इच्छा थी कि उनके परिवार के पास भी एक ऐसा पक्का घर हो, जहां मौसम की मार का डर न रहे और परिवार सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन बिता सके।
*योजना का साथ मिला तो हकीकत बना सपना*
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण के लिए सहायता मिलने के बाद सालिक राम के पक्के घर का सपना आकार लेने लगा। मकान बनकर तैयार हुआ तो उसके साथ परिवार की वर्षों पुरानी कई चिंताएं भी पीछे छूट गईं। अब बारिश होने पर छत से पानी टपकने की परेशानी नहीं है और न ही बार-बार मकान की मरम्मत कराने की चिंता। पक्की छत ने परिवार को मौसम की मार से सुरक्षा देने के साथ अपने घर में सुकून और स्थायित्व का एहसास भी कराया है।
*पक्की छत के साथ मिला सुरक्षित भविष्य का भरोसा*
सालिक राम के लिए यह आवास केवल ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और वर्षों से संजोए सपने के पूरा होने की खुशी है। जिस पक्की छत की चाह लंबे समय से थी, आज उसी छत के नीचे उनका परिवार सुरक्षित और सुकून के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। पक्का आवास मिलने पर श्री सालिक राम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। अब मौसम बदलने पर घर की चिंता नहीं सताती और परिवार अपने पक्के आशियाने में सुरक्षित जीवन बिता रहा है।



