सेवा सेतु पोर्टल बना सुशीला की सुविधा का सेतु
घर बैठे मिली भूमि डायवर्सन की सेवा, समय और धन दोनों की हुई बचत

रायपुर, 22 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जा रहा है। सुशासन और तकनीक के समन्वय से शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। सूरजपुर जिले के नगर पंचायत प्रतापपुर निवासी श्रीमती सुशीला सिन्हा को भूमि डायवर्सन की प्रक्रिया में मिली सुविधा इसकी एक प्रेरक मिसाल है।
श्रीमती सुशीला सिन्हा ने अपनी भूमि के डायवर्सन के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी की गई। बिना अनावश्यक कार्यालयीन चक्कर लगाए कार्य पूरा होने से श्रीमती सिन्हा को काफी सुविधा मिली।
श्रीमती सिन्हा बताती हैं कि पहले भूमि संबंधी कार्यों के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय के साथ आने-जाने में धन भी खर्च होता था। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब घर बैठे आवेदन की सुविधा मिलने से प्रक्रिया अधिक सहज हुई है और निर्धारित समय-सीमा में सेवा प्राप्त करना आसान हुआ है।
भूमि डायवर्सन का कार्य सुगमता से पूर्ण होने पर श्रीमती सुशीला सिन्हा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाया है। तकनीक के माध्यम से सेवाओं की पहुंच नागरिकों तक आसान हो रही है और इससे समय, श्रम तथा धन की बचत हो रही है।


