सेवा सेतु से महज 24 घंटे में मिला आय प्रमाण पत्र, जागृति साहू को मिली बड़ी राहत
डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था से घर के पास ही मिली त्वरित शासकीय सेवा

रायपुर, 02 सितंबर 2026
डिजिटल तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए नागरिकों को समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सेवा सेतु प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इसका प्रत्यक्ष लाभ दुर्ग जिले के नगर पालिका अहिवारा निवासी श्रीमती जागृति साहू को मिला, जिन्हें आवेदन करने के महज 24 घंटे के भीतर डिजिटल आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। जागृति साहू को विभिन्न आवश्यक एवं शासकीय कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता थी। उन्होंने 20 अगस्त 2026 को सेवा सेतु केंद्र, नगर पालिका अहिवारा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। केंद्र ऑपरेटर द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अगले ही दिन 21 अगस्त 2026 को उनका आय प्रमाण पत्र स्वीकृत होकर जारी कर दिया गया।
24 घंटे में मिला डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से प्रसन्न जागृति साहू ने बताया कि पहले किसी भी प्रमाण पत्र को बनवाने में काफी समय लगता था और कई बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सेवा सेतु के माध्यम से अब घर के नजदीक ही आवेदन की सुविधा मिलने से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। उन्होंने कहा कि महज 24 घंटे में डिजिटल हस्ताक्षरित आय प्रमाण पत्र मिल जाना उनके लिए बड़ी सुविधा है। इससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत हुई तथा आवश्यक कार्य को समय पर पूरा करने में मदद मिली।
डिजिटल सेवा से बढ़ी सुविधा और पारदर्शिता
सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्र एवं शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ नागरिकों को सेवाएं प्राप्त करने में आसानी हो रही है। जागृति साहू ने कहा कि सेवा सेतु जैसी सुविधा से आम नागरिकों को अपने घर के आसपास ही शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे समय की बचत होने के साथ अनावश्यक कार्यालयीन दौड़-भाग भी कम हुई है। उन्होंने नागरिकों को सरल, सुगम और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



