राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन से किसानों को मिल रहा संबल
निःशुल्क उन्नत मक्का बीज वितरण से किसान नेतराम की खेती हुई सशक्त, बेहतर उत्पादन और आय की बढ़ी उम्मीद

रायपुर, 1 अगस्त 2026

किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (मोटा अनाज) के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंच रहा है और वे आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली के ग्राम गहिला निवासी किसान नेतराम इसका एक प्रेरक उदाहरण हैं। उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (मोटा अनाज) के तहत मक्का प्रदर्शन कार्यक्रम में निःशुल्क उन्नत किस्म का मक्का बीज उपलब्ध कराया गया है। इससे उनकी खेती अधिक सशक्त हुई है और बेहतर उत्पादन के साथ आय बढ़ने की उम्मीद भी जगी है।
नेतराम के पास लगभग 2.60 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जो उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में कृषि विभाग, बतौली द्वारा आयोजित मक्का प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार 15 किलोग्राम उन्नत किस्म का मक्का बीज निःशुल्क प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से अच्छी फसल उत्पादन की संभावना बढ़ी है। साथ ही बीज खरीदने पर होने वाला अतिरिक्त खर्च बचने से खेती की लागत में भी कमी आई है। उनका मानना है कि यदि किसानों को समय पर उन्नत बीज, उर्वरक तथा तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहे तो कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
नेतराम ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों ने बीज वितरण के साथ-साथ मक्का की वैज्ञानिक खेती, बुवाई की उन्नत विधि, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा फसल संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की। इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आत्मविश्वास मिला है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के कृषकों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। समय पर मिलने वाली सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है तथा वे आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
किसान नेतराम ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी किसान हितैषी योजनाएं खेती को लाभकारी बनाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की।

