छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

सेवा, अनुशासन और विश्व बंधुत्व का प्रतीक बना विश्व स्कार्फ दिवस

प्रदेशभर के विद्यालयों में स्काउट-गाइड सदस्यों ने दिया राष्ट्रसेवा और नेतृत्व का संदेश

रायपुर, 01 अगस्त 2026

सेवा, अनुशासन और विश्व बंधुत्व का प्रतीक बना विश्व स्कार्फ दिवस

सेवा, अनुशासन और विश्व बंधुत्व का प्रतीक बना विश्व स्कार्फ दिवस

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा विश्व स्कार्फ दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्यालय स्तर पर प्रेरक एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा स्काउट-गाइड सदस्यों ने स्कार्फ धारण कर सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, मित्रता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड सहित अनेक विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को स्काउट स्कार्फ पहनाकर शुभकामनाएं दीं और स्काउट प्रतिज्ञा का सामूहिक स्मरण किया। इस दौरान सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और टीमवर्क की भावना को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम में स्काउट मास्टरों ने संकुल प्रभारी, प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को स्कार्फ पहनाकर विश्व स्कार्फ दिवस की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि स्कार्फ केवल गणवेश का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह समर्पण, अनुशासन, सेवा और विश्व बंधुत्व का जीवंत प्रतीक है, जो स्काउट आंदोलन की पहचान को विश्व स्तर पर जोड़ता है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 अगस्त को विश्व स्कार्फ दिवस मनाया जाता है। इस दिन वर्तमान एवं पूर्व स्काउट-गाइड सदस्य स्कार्फ धारण कर स्काउटिंग के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं। स्काउटिंग बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग, अनुशासन और समाज के प्रति संवेदनशीलता का विकास करती है।

प्रदेश में आयोजित इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा को और अधिक सशक्त किया। विद्यालयों में शिक्षकों, स्काउट मास्टरों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने विश्व स्कार्फ दिवस को एक प्रेरणादायी सामाजिक एवं शैक्षणिक अभियान का स्वरूप प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button