छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से श्री होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली राहत, शून्य हुआ बिजली बिल

3 किलोवाट सोलर सिस्टम से हर माह हजारों रुपये की बचत, केंद्र और राज्य सरकार से मिली 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी

रायपुर, 25 जुलाई 2026

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को आर्थिक राहत भी प्रदान कर रही है। योजना के तहत लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर घरेलू बिजली की आवश्यकता पूरी करने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त कर रहे हैं। इससे बिजली बिल का बोझ कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के निवासी श्री होमेश्वर प्रसाद जायसवाल इस योजना के सफल लाभार्थियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिली, यानी कुल 1.08 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई।

श्री जायसवाल ने बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल 3 से 4 हजार रुपये तक आता था, जिससे परिवार के मासिक खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। इससे हर महीने हजारों रुपये की बचत हो रही है, जिसे अब वे परिवार की अन्य आवश्यकताओं पर खर्च कर पा रहे हैं।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सब्सिडी के साथ कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

श्री होमेश्वर प्रसाद जायसवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले के अन्य नागरिकों से भी इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा को अपनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button