छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही भूमिहीन परिवारों की जिंदगी

आर्थिक सहायता, पक्का आवास, स्वच्छ ईंधन और महिला सशक्तिकरण योजनाओं से मिल रहा सम्मानजनक जीवन

रायपुर, 09 जुलाई 2026

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही भूमिहीन परिवारों की जिंदगी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के गरीब, भूमिहीन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महतारी वंदन योजना तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के समन्वित लाभ से हजारों परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं। प्रदेश में भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन योजनाओं ने ग्रामीण परिवारों की आर्थिक, सामाजिक और जीवन गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है।

सरगुजा जिले के विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम करजी निवासी जनेऊराम नायक का परिवार इन योजनाओं से हुए सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक उदाहरण है। भूमिहीन होने के कारण उनका परिवार वर्षों तक कृषि मजदूरी पर निर्भर रहा, लेकिन शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और भविष्य के प्रति उनका विश्वास मजबूत हुआ है। जनेऊराम नायक को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू आवश्यकताओं और परिवार के दैनिक खर्चों में सहयोग मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत पक्के आवास ने उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से मिले गैस कनेक्शन के कारण परिवार को धुआं रहित स्वच्छ रसोई का लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत परिवार की महिला सदस्य को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता भी घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रही है।

जनेऊराम नायक ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके परिवार का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनहितैषी योजनाओं ने गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का नया अवसर प्रदान किया है। प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने, आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार लाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।

Related Articles

Back to top button