बारिश और मार्ग बाधा के बावजूद समय पर पहुंचा राशन, वैकल्पिक मार्ग से खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित

रायपुर, 07 जुलाई 2026
प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग द्वारा सतत निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में बलरामपुर जिले में मार्ग बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से उसी दिन खाद्यान्न सामग्री संबंधित उचित मूल्य दुकानों तक पहुंचाई गई।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि 05 जुलाई 2026 को शासकीय उचित मूल्य दुकान बादा एवं चंदौरा के लिए खाद्यान्न सामग्री लेकर गोदाम जवाहरनगर से एक वाहन निर्धारित मार्ग से रवाना हुआ था। ग्राम चम्पापुर के समीप सड़क निर्माण कार्य के कारण आवागमन प्रभावित हो गया, जिससे वाहन का आगे बढ़ना संभव नहीं हो सका।
स्थिति की जानकारी मिलते ही विभाग ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की और उसी दिन खाद्यान्न सामग्री सुरक्षित रूप से संबंधित उचित मूल्य दुकानों तक पहुंचा दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश अथवा अन्य कारणों से किसी मार्ग पर अस्थायी बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में भी वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ शासन एवं खाद्य विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुचारु संचालन के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी हितग्राहियों को निर्धारित समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।




