छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

तूता में अतिक्रमण को लेकर फैली अफवाहों पर NRDA का स्पष्टीकरण, कहा- विस्थापन का कोई प्रस्ताव नहीं l

रायपुर, 5 जुलाई 2026

ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि संबंधित भूमि पर लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं और उन्हीं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
NRDA के अनुसार ग्राम तूता में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के परीक्षण और विधिवत निरीक्षण के बाद संबंधित पक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। प्राधिकरण का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया कानून के प्रावधानों के अनुरूप अपनाई गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 2 जुलाई 2026 को ग्राम के जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की। बैठक में सहमति बनी कि सभी पक्षों के साथ दोबारा बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की विस्थापन कार्रवाई नहीं की जाएगी।
NRDA ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति के साथ कई पुराने शिकायत आवेदन भी सार्वजनिक किए हैं। इनमें निजी भूमि तक जाने का रास्ता शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण के कारण बंद होने, हाईकोर्ट के आदेश के पालन की मांग, ग्राम पंचायत द्वारा खेल मैदान सुरक्षित रखने का अनुरोध तथा सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन शामिल हैं। इससे स्पष्ट होता है कि यह विवाद हाल का नहीं, बल्कि कई वर्षों से विभिन्न स्तरों पर उठता रहा है।

प्राधिकरण का कहना है कि उसका उद्देश्य किसी को अनावश्यक रूप से परेशान करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक हित में कानून के अनुसार कार्रवाई करना है। अब सभी की नजर आगामी बैठक और उसके बाद लिए जाने वाले प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button