छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

सेवा सेतु केंद्र बना संध्या के लिए सहारा, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान

नागरिकों को एक ही स्थान पर मिल रही 441 से अधिक शासकीय सेवाएं

सूरजपुर/26 जून 2026

राज्य शासन द्वारा डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित तहसील कार्यालय परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से छात्रा संध्या देवांगन को भी वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिली है। संध्या ने बताया कि वर्ष 2017 में उनका आधार कार्ड गुम हो गया था। आधार में मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण उन्हें नया आधार कार्ड प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर उन्होंने अपनी समस्या बताई, जिस पर केंद्र के कर्मचारियों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता प्रदान की गई। समुचित प्रक्रिया के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान करते हुए उन्हें आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया।उन्होंने इस जनहितैषी पहल के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय हैं कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है तथा सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक सुगम हुई है। सेवा सेतु पोर्टल के अंतर्गत वर्तमान में 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध हैं, जिनमें जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, राजस्व प्रकरणों से संबंधित सेवाएं, नाम परिवर्तन के लिए राजपत्र प्रकाशन सहित अनेक नागरिक सेवाएं शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button