छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

योग भारत की संस्कृति, परंपरा और स्वस्थ जीवन का आधार – विधायक श्री ललित चंद्राकर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खैरागढ़ में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर, 21 जून 2026

योग भारत की संस्कृति, परंपरा और स्वस्थ जीवन का आधार - विधायक श्री ललित चंद्राकर

योग भारत की संस्कृति, परंपरा और स्वस्थ जीवन का आधार - विधायक श्री ललित चंद्राकर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय खैरागढ-गंडई-खैरागढ़ जिले के सभी विकासखंडों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय, खैरागढ़ में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

योग को मिली अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान

मुख्य अतिथि विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपरा और पहचान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसके महत्व को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी साधन भी है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनेक बीमारियों और तनाव से दूर रखता है तथा स्वस्थ जीवन की दिशा प्रदान करता है।

नशामुक्ति की दिलाई शपथ

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। योग प्रशिक्षक एवं व्याख्याता श्री मानस मणि साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के साथ योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प कराया गया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता लाता है। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का ऐसा उपहार है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।

विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण

योगाभ्यास के उपरांत विधायक श्री चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया। जिले के सभी विकासखंडों, शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button