अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन
तन-मन को स्वस्थ एवं निरोगी रखने योग को जीवन का अनिवार्य अंग बनाएं : शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव

योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
रायपुर, 21 जून 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय बालोद सहित जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के गंजपारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में ‘‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’’ थीम के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए तथा उपस्थित नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग एवं प्राणायाम भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज संपूर्ण विश्व अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि योग मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ एवं निरोग बनाए रखने की उत्कृष्ट विधा है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने तन और मन दोनों को स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से प्रतिदिन अपने स्वास्थ्य के लिए कम से कम एक घंटा समय देने का आग्रह करते हुए कहा कि मानव शरीर में असीम आंतरिक ऊर्जा विद्यमान है, जिसे नियमित योगाभ्यास के माध्यम से जागृत किया जा सकता है।

श्री यादव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित सभी लोगों को परिवार, समाज एवं राष्ट्र को नशे की सामाजिक बुराई से मुक्त बनाने हेतु हरसंभव समन्वित प्रयास करने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में योगाचार्य श्री धीरज शर्मा के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। योग सत्र के दौरान ग्रीवा चालन, हस्त चालन, कटि चालन, ताड़ासन एवं वृक्षासन सहित विभिन्न खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा वज्रासन, मंडूकासन, दण्डासन एवं पद्मासन जैसे बैठकर किए जाने वाले आसनों तथा अर्धहलासन, उत्तानपादासन, भुजंगासन, शलभासन एवं शशांकासन जैसे लेटकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास भी कराया गया। योगाभ्यास के पश्चात श्वास आधारित प्राणायाम के अंतर्गत अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, गणमान्य नागरिक श्री चेमन देशमुख एवं श्री पवन साहू सहित अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्काउट-गाइड्स के स्वयंसेवक, स्कूली विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से योगाभ्यास में सहभागिता निभाई।



