प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली संग्राम नरेटी की जिंदगी
कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर बना सम्मान और सुरक्षा का आधार

रायपुर, 16 जून 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) जरूरतमंद परिवारों के लिए आश्रय, सुरक्षा और सम्मान का आधार बन रही है। इस योजना के माध्यम से अनेक परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 10 निवासी श्री संग्राम नरेटी भी ऐसे ही हितग्राहियों में शामिल हैं, जिनके जीवन में इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले श्री संग्राम नरेटी का जीवन लंबे समय तक अभावों और कठिनाइयों के बीच गुजरा। परिवार की जिम्मेदारियों और सीमित आय के कारण उनके लिए पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। वे अपने परिवार के साथ एक जर्जर कच्चे मकान में रहते थे, जहां बारिश के मौसम में छत से पानी टपकता था
इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी मिली। उन्होंने नगर पंचायत फरसगांव में आवेदन किया, जिसके बाद पात्रता के आधार पर उनका चयन किया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें किस्तों में आवास निर्माण हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शासन से प्राप्त सहयोग और अपने परिश्रम से उन्होंने एक सुरक्षित, मजबूत और पक्का घर निर्मित किया। आज श्री संग्राम नरेटी अपने परिवार के साथ नए आवास में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पक्के मकान के निर्माण से उनके जीवन की कई समस्याओं का समाधान हुआ है। अब उन्हें बारिश, आंधी या अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों से डरने की आवश्यकता नहीं पड़ती। परिवार को सुरक्षित वातावरण मिलने से जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
श्री संग्राम नरेटी बताते हैं कि यह घर केवल ईंट और सीमेंट से बना भवन नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का प्रतीक है। वर्षों तक कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने के बाद उन्हें अपने सपनों का घर मिला है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और जीवन में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार के जीवन में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के माध्यम से जिले में अनेक जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा मिल रही है, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर बन रहा है।



