छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्व-सहायता समूहों से किया सीधा संवाद

रेडी टू ईट संचालन में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

रायपुर, 02 जून 2026

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में रेडी टू ईट संचालन करने वाले स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। बैठक में प्रदेश के 6 जिलों में रेडी टू ईट निर्माण एवं वितरण कार्य से जुड़ी समूह की दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न संचालन संबंधी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

संवाद के दौरान महिलाओं ने भुगतान प्रक्रिया, कच्ची सामग्री की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित समस्याएं रखीं। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रेडी टू ईट व्यवस्था प्रदेश के बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस कार्य में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूहों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए तथा नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय के माध्यम से उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाकर न केवल आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं, बल्कि पोषण सुरक्षा के लक्ष्य को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने समूहों की महिलाओं को बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभागीय सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, संचालक डॉ रेणुका श्रीवास्तव और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button