छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

नैनो यूरिया व नैनो डीएपी से बढ़ा उत्पादन

कम मात्रा में अधिक प्रभाव, लागत में बचत, उत्पादन में बढ़ोतरी

रायपुर, 1 जून 2026

किसानों के लिए कम लागत में बेहतर और उन्नत फसल की पैदावार लेने में नैनो खाद श्रेष्ठ विकल्प साबित हो रही है। किसानों ने बीते वर्षों में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग कर अच्छी पैदावार ली है।

कांकेर जिले के ग्राम व्यासकोंगेरा के प्रगतिशील किसान श्री निखिल साहू ने लगभग 20 एकड़ कृषि भूमि में पिछले दो वर्षों से अपनी फसलों में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का उपयोग शुरू किया है, जिसका उन्हें अच्छा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि पहले उनके खेतों में धान का उत्पादन औसतन 30 से 35 क्विंटल प्रति एकड़ होता था, लेकिन नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के नियमित उपयोग से उत्पादन में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्तमान में उन्हें 39 से 40 क्विंटल प्रति एकड़ तक उत्पादन प्राप्त हो रहा है।

किसान श्री साहू ने यह भी बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का उपयोग करना बेहद आसान और सुविधाजनक है। इनका छिड़काव कीटनाशक अथवा फफूंदनाशक दवाओं के साथ मिलाकर भी किया जा सकता है। मात्र 500 मिलीलीटर की एक बोतल एक एकड़ क्षेत्र के लिए पर्याप्त होती है। इसका भंडारण और परिवहन भी सुविधाजनक है। धान की फसल लगने के लगभग 20 से 25 दिन बाद नैनो डीएपी का पहला छिड़काव तथा इसके 20 से 25 दिन बाद दूसरा छिड़काव किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि एक बार किए गए छिड़काव का प्रभाव लगभग 20 से 25 दिनों तक फसल पर बना रहता है, जिससे पौधों को आवश्यक पोषक तत्व निरंतर प्राप्त होते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो सकती है, जबकि नैनो उर्वरकों का उपयोग छिड़काव के माध्यम से सीधे पौधों पर किया जाता है। इससे पोषक तत्वों का बेहतर अवशोषण होता है और भूमि पर प्रतिकूल प्रभाव की संभावना भी कम रहती है।

कांकेर जिले में कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि नैनो उर्वरक किसानों के लिए आधुनिक और प्रभावी विकल्प है। उन्होंने जिले के सभी किसानों से नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ उर्वरकों के बेहतर प्रबंधन में भी मदद मिलती है। यह सुविधाजनक, किफायती और पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प है।

Related Articles

Back to top button