छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

पीएम सूर्य घर योजना बनी बिजली बचत की नई ताकत

जशपुर के प्रभाष कुमार जैन को हर माह हजारों रुपये की राहत, सौर ऊर्जा से घर हुआ आत्मनिर्भर

रायपुर, 30 मई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से हजारों परिवार स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी ला रहे हैं। जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी एवं व्यवसायी श्री प्रभाष कुमार जैन इसकी सफलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आए हैं।
श्री जैन ने अपने घर की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कराया है। इस परियोजना पर लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें उन्हें शासन की ओर से 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इससे सोलर सिस्टम लगाने की लागत में उन्हें बड़ी आर्थिक सहायता मिली।
श्री जैन बताते हैं कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपये तक आता था। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद बिजली खर्च में लगातार कमी आ रही है और आने वाले समय में इससे और अधिक बचत होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी उन्हें ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई। आवेदन से लेकर स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही, जिससे उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
श्री जैन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल बिजली बिल का बोझ कम होता है, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलता है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों को सस्ती, स्वच्छ और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में नागरिक इस योजना से जुड़कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। योजना के माध्यम से परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ हरित ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button