छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

शासन की पहल से संवर रहा बेटियों का भविष्य

हर महीने की छोटी बचत से मां गढ़ रही बेटी का सुनहरा कल

रायपुर, 20 मई 2026

हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटी पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बने और उसका भविष्य सुरक्षित रहे। इसी सपने को साकार करने में केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना कई परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है। बलरामपुर जिले में भी अनेक परिवार इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं।

’महतारी वंदन योजना के सहयोग से शुरू की बचत’
छत्तीसगढ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर विकासखंड के ग्राम भैरवपुर निवासी श्रीमती भगमन मरकाम ने अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया है। एक साधारण गृहिणी होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी बेटी के सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया। श्रीमती भगमन बताती हैं कि शुरुआती दिनों में घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना ही एक बड़ी चुनौती थी, ऐसे में नियमित बचत कर पाना आसान नहीं था। लेकिन राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना से मिलने वाली मासिक राशि ने उन्हें बड़ा संबल दिया। उन्होंने इस राशि का एक हिस्सा अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित करने का फैसला किया। अब वे इस राशि से नियमित रूप से सुकन्या समृद्धि खाते में छोटी-छोटी बचत जमा कर रही हैं।

’आत्मनिर्भरता और शिक्षा को बढ़ावा’ 
श्रीमती भगमन भावुक होकर कहती हैं कि आज भले ही मेरी बचत की राशि छोटी है, लेकिन यही छोटी सी कोशिश आगे चलकर मेरी बेटी के बड़े सपनों को पूरा करेगी। मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी उच्च शिक्षा प्राप्त करे और जीवन में आत्मनिर्भर बने। वे समाज के अन्य अभिभावकों को भी अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही बचत करने की प्रेरणा दे रही हैं।

श्रीमती भगमन अब अपनी बेटी के भविष्य को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। उनका मानना है कि शासन की योजनाओं ने उन्हें न सिर्फ आर्थिक सहयोग दिया है, बल्कि बेटी के सपनों को सच करने का आत्मविश्वास भी जगाया है। इस कल्याणकारी पहल के लिए उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button