सुशासन तिहार 2026: गांव-गांव पहुंच रहा सुशासन, पर्री शिविर में 687 आवेदनों का हुआ निराकरण

रायपुर , 15 मई 2026

प्रदेश में सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले अंतर्गत ग्राम पंचायत पर्री में आयोजित शिविर में पर्री कलस्टर की 26 ग्राम पंचायतों से कुल 687 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मांगों एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग ने महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य को मत्स्याखेट जाल वितरित किया, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए। राजस्व विभाग ने नामांतरण संबंधी बी-1, खसरा एवं नक्शा दुरुस्तीकरण दस्तावेज प्रदान किए तथा खाद्य विभाग ने 28 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए।
शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।



