छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 से सरिता बाई को मिली बड़ी राहत

रायपुर, 14 मई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 भारी बिजली बिल के बोझ से परेशान उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत बकाया बिजली बिल पर लगने वाले सरचार्ज में छूट और शेष राशि को आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा दी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।
जशपुर जिले के रानी बगीचा निवासी श्रीमती सरिता बाई इस योजना से लाभान्वित होने वाली उपभोक्ताओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पा रही थीं। इसके चलते उनका बकाया बिल बढ़कर 38 हजार 648 रुपये हो गया था, जिससे वे काफी चिंतित थीं।
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने योजना का लाभ लिया। योजना के तहत उनके लगभग 11 हजार 875 रुपये का सरचार्ज माफ किया गया। साथ ही शेष राशि को आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा प्रदान की गई, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली।
श्रीमती सरिता बाई ने कहा कि यह योजना उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी है। अब वे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक दबाव के किश्तों में बिजली बिल का भुगतान कर सकेंगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के माध्यम से प्रदेशभर में ऐसे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है, जो आर्थिक कारणों से बिजली बिल जमा करने में कठिनाई का सामना कर रहे थे। यह योजना आमजन को राहत देने और उनकी आर्थिक परेशानियों को कम करने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button