रायपुर, 13 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए राहत और नई संभावनाओं का माध्यम बन रहा है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चकरिया निवासी किसान श्री प्रदीप एक्का को जनसमस्या निवारण शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) प्रदान किया गया, जिससे अब उन्हें खेती के लिए ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा उपलब्ध होगी।
महंगे इनपुट और आर्थिक कठिनाइयों से मिलेगी राहत
श्री प्रदीप एक्का ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें खेती के लिए खाद, बीज और अन्य कृषि आदान निजी दुकानों से ऊंचे दामों पर खरीदने पड़ते थे। इससे खेती की लागत बढ़ जाती थी और आर्थिक दबाव भी अधिक रहता था।
शिविर में हुआ त्वरित समाधान
सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया। इससे उन्हें शासकीय योजनाओं के तहत समय पर ऋण प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
ब्याजमुक्त ऋण से खेती होगी आसान
श्री एक्का ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उन्हें शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलेगी। इससे वे समय पर उन्नत बीज, खाद और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीद सकेंगे तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी पैदावार बढ़ा सकेंगे।
श्री प्रदीप एक्का ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के कारण उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और गांव में ही उनकी समस्या का समाधान हो गया।
सुशासन तिहार के माध्यम से श्री प्रदीप एक्का जैसे अनेक किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और खेती-किसानी अधिक लाभकारी बन रही है।
