छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्करायपुर

जनजातीय योजनाओं की मॉनिटरिंग को मिली नई रफ्तार

विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में आएगी तेजी

रायपुर, 08 मई 2026

जनजातीय योजनाओं की मॉनिटरिंग को मिली नई रफ्तार

मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 8 जिलों के लिए नए विभागीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मैदानी क्षेत्रों में योजनाओं के संचालन एवं मॉनीटरिंग में वाहन सुविधा की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे अब दूर किया जा रहा है। इससे दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक विभागीय गतिविधियों की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। नए वाहनों की उपलब्धता से जिला एवं विकासखंड स्तर पर अधिकारियों और मैदानी अमले को योजनाओं के क्रियान्वयन, निरीक्षण, मॉनीटरिंग तथा हितग्राहियों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इससे विशेष पिछड़ी जनजातियों एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं में तेजी आएगी।

मंत्री श्री नेताम ने विभागीय अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विभाग लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विशेष समन्वय एवं पहल से वित्त विभाग से स्वीकृति प्राप्त कर वाहन उपलब्ध कराए जा सके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में जिला एवं विकासखंड स्तर पर भी अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि योजनाओं का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से हो सके। विभागीय अधिकारियों ने इसे आदिम जाति विकास विभाग के मैदानी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में विभाग के संयुक्त सचिव श्री बी.के. राजपूत, अपर संचालक श्री संजय गौड़, उपायुक्त श्री प्रज्ञान सेठ सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button